आटो में सवार नकाबपोश महिला ने उड़ाए ढाई लाख के जेवर व नकदी
अमर उजाला ब्यूरो।
रेवाड़ी। शहर में शनिवार शाम को आटो में सवार एक महिला ने पास बैठे एक दंपति के बैग से करीब ढाई लाख रुपये के जेवर व पांच हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि आटो में बैठकर सवारियों से नकदी व चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। शहर के आटो में महिला चोरों का गिरोह लंबे समय से सक्रिय है। पिछले करीब पांच माह में एक दर्जन से अधिक आटो सवार सवारियों से चोरी की घटनाएं हो चुकी है। बताया जाता है कि इन महिला चोरों के साथ कुछ आटो चालक भी संलिप्त है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात को गांव पालड़ा निवसी अशोक गुड़गांव में मारूति कंपनी में काम करता है। दो दिन पूर्व वह अपनी पत्नी के साथ गांव नंगला में शादी में आया था। शनिवार रात को वह घर वापस लौट रहा था। नाईवाली चौक से आटो में सवार होकर रेलवे चौक पहुंच गया तथा वहां से वह पंजाबी मार्केट में सामान खरीदने आ गया। सामान खरीदते समय पंजाबी मार्केट में जब उसने अपना बैग खोला तो उसमें रखा छोटा पर्स नहीं मिला। अशोक ने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस को दी। अशोक ने बताया कि उसके बैग में एक छोटा पर्स था, जिसमें उसकी व उसकी पत्नी की दो-दो सोने की अंगुठियां, एक-एक चेन, पत्नी के कानों के कुंडल सहित करीब ढाई लाख रुपये के जेवर तथा पांच हजार रुपये की नगदी थी। पीड़ित ने बताया कि उसके पास ही एक महिला बैठी थी, जिसने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। उक्त महिला पर चोरी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने अशोक की शिकायत पर अज्ञात महिला चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।