कार में लिफ्ट देकर फौजी से की लूटपाट
धारूहेड़ा। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ पर धारूहेड़ा में शनिवार को छुट्टी लौट रहे एक सैनिक से बदमाशों ने कार में लिफ्ट देकर चार हजार रुपये की लूटपाट की। घटना के बाद बदमाश सैनिक को साहबी नदी के पुल पर पटक कर भाग गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार महेंद्रगढ़ जिले के गांव तालुखेड़ा निवासी नरेश कुमार सेना में कार्यरत है। वह हरिद्वार से अपने गांव लौट रहा था। दिल्ली से धारूहेड़ा पहुंचने के बाद रात करीब दो बजे वह धारूहेड़ा में पुल के समीप खड़ा हो कर वाहनों का इंतजार करने लगा। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार आकर रूकी। कार में बैठे लोगों ने बताया कि वे रेवाड़ी की ओर जा रहे है। सैनिक ने रेवाड़ी जाने के लिए कार में लिफ्ट ले ली। थोड़ी दूर जाने के बाद कार सवार बदमाशों ने सैनिक से मारपीट की और चार हजार रुपये की नकदी, एटीएम एवं अन्य कागजात छीन कर साहबी के पुल पर गाड़ी से नीचे फैंक दिया। घटना के बाद पीड़ित सैनिक ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जिले में वीटी कर दी, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। धारूहेड़ा थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस जांच में जुट गई। जल्द ही बदमाशों का सुराग लगा लिया जाएगा।