अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। सदर थाना क्षेत्र के गांव रामगढ़ निवासी एक किसान के एटीएम का क्लोन तैयार कर साइबर ठग गिरोह के सदस्यों ने दिसंबर में उसके खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए। किसान ने जब बैंक में पासबुक की एंट्री कराई तो उसे ठगी का पता लगा। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गांव रामगढ़ निवासी सूरजन सिंह ने हांसाका गांव में स्थित सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक में खाता खोला है। कुछ दिन पूर्व अपने खाते की पासबुक में एंट्री कराई तो उसे मालूम हुआ कि किसी ने दिसंबर में तीन बार में उनके खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए। सभी निकासी दिल्ली स्थित एटीएम बूथों से की गई है, जबकि बैंक द्वारा जारी किया गया एटीएम उनके पास है। कुछ दिन पूर्व उन्होंने रेवाड़ी स्थित एक एटीएम से नकदी निकाली थी। पुलिस को संदेह है कि एटीएम से पैसे निकालने के दौरान किसी ने उनके एटीएम को स्कैन कर लिया तथा उसका क्लोन तैयार कर खाते से पैसे निकाले है। जांच अधिकारी रामकिशन ने बताया कि किसान की शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल जहां तक संभावना है एटीएम का क्लोन तैयार करके ही ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया है।