आसमान से बिजली गिरने से घर मे जली बिजली फिटिंग।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। जिले के गांव रोलियावास में मंगलवार सुबह एक घर पर बिजली गिर गई। जिससे घर के बिजली चलित उपकरण जल गए। साथ ही घर में लगी खिड़की के शीशे टूट गए व दीवार में दरारें आ गई। इस हादसे में एक भेड़ की भी मौत हो गई। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गरीब को आर्थिक सहायता देने की गुहार लगाई है।
गांव रोलियावास निवासी जिले सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 7 बजे घर में वह परिवार के साथ में था। रात से लगातार बरसात हो रही थी। सुबह आसमान में तेज बिजली की गड़गड़ाहट सुनाई दे रही थी। इसी दौरान तेज धमाका हुआ और पूरा घर हिल गया। बिजली की तेज आवाज सुन परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर निकल गए। जब थोड़ी देर बाद उन्होंने घर जाकर संभाला तो बिजली गिरने से पूरे घर की बिजली फिटिंग जल गई थी। वहीं खिड़कियों में लगे शीशे टूट गए। तेज धमाके की आवाज सुन कर ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। बिजली गिरने से घर को काफी नुकसान पहुंचा। छत व दीवारों में दरारें आ गई। वहीं बिजली गिरने से घर के बाहर प्लॉट में बंधी एक भेड़ की मौत हो गईं। जिले सिंह ने बताया कि जिस तरह से मकान पर बिजली गिरी है। उससे यह काफी क्षतिग्रस्त हो गया है। अब इसमें रहना खतरे से खाली नहीं है। छत व दीवारों में दरारें आने से यह कभी भी गिर सकता है। जिले सिंह ने जिला प्रशासन से गुहार की है कि उसकी आर्थिक मदद की जाए।