रेवाड़ी। जिला बार एसोसिएशन के बार रूम में उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष संजय कुमार खंडूजा को विदाई दी गई। सेवानिवृत्त अतिरिक्त जिला सत्र न्यायाधीश संजय कुमार खंडूजा अब हरियाणा मानव अधिकार आयोग के रजिस्ट्रार पद पर कार्यभार संभालेंगे। एक माह में करीब 90 से अधिक मामलों का निपटारा करने का रिकॉर्ड उनके लिए विशेष रूप से सराहनीय रहा है।
संजय कुमार खंडूजा जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष 7 मई 2022 से रहे हैं। उन्होंने जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष रहते हुए कई सराहनीय कार्य किए जिसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय के साथ ही उपभोक्ता आयोग की सही पहचान दिलाने में अग्रणीय भूमिका निभाई है।
उनके कार्यभार संभालने के बाद से ही जिला उपभोक्ता आयोग के प्रति लोगों की रुचि ज्यादा हो गई थी और सबसे ज्यादा मामले रेवाड़ी जिला आयोग में दायर किए जा रहे थे।
अध्यक्ष संजय कुमार खंडूजा ने न केवल आम जनता को उपभोक्ता आयोग की सही कार्य प्रणाली समझाई बल्कि यह भी समझा दिया कि उपभोक्ता के लिए बनाया गया कानून कितना सख्त एवं त्वरित न्याय दिलाने वाला है।
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान विश्वामित्र यादव ने उनके विदाई समारोह में अपने संबोधन में कहा कि न्यायाधीश तो काफी आए और चले गए लेकिन उनके जैसा न्यायाधीश अभी तक कोई नहीं आया है। इसलिए बार एसोसिएशन ने उनका गर्म जोशी के साथ स्वागत और विदाई दी है। उन्होंने आश्वासन दिलाया कि बार एसोसिएशन सदैव उनके साथ खड़ी रहेगी।
इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ता शंकर लाल गुप्ता, नरेंद्र सिंह यादव, कॉमरेड राजेंद्र सिंह, एसएन वशिष्ठ, अमरजीत सिंह यादव ने उन्हें पुष्प कुछ देकर सम्मानित किया। जिला बार एसोसिएशन की ओर से पदाधिकारी प्रधान विश्वामित्र यादव, उप प्रधान सुमन यादव, सचिव मनोज कुमार यादव, सहसचिव मोनू कुमार और कोषाध्यक्ष चिराग शर्मा ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
अधिवक्ताओं को पूरा मान सम्मान मिलना चाहिए : खंडूजा
जिला बार एसोसिएशन में हुए विदाई कार्यक्रम में संजय कुमार खंडूजा ने कहा कि अधिवक्ताओं को पूरा मान सम्मान मिलना चाहिए क्योंकि यदि अधिवक्ता को मान सम्मान मिलता है तभी न्यायाधीश को भी सम्मान मिलता है। उन्होंने कहा कि वह रेवाड़ी में 6 वर्ष से अधिक कार्य कर चुके हैं और सिविल केस के प्रति उनका रुझान अच्छा खासा रहा है। यहां रेवाड़ी कोर्ट में बेहतरीन कार्य करने का उन्हें मौका मिला।