बीकानेर में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर । स्रोत : विभाग
रेवाड़ी। जिला नगर योजनाकार की टीम ने शुक्रवार को तीन स्थानों पर अवैध रूप विकसित की जा रही कॉलोनियों में किए गए निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया।
रेवाड़ी–धारूहेड़ा रोड के नजदीक 4 एकड़ क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी में 18 डीपीसी, तीन चारदीवारी और कच्चे रोड के नेटवर्क को ध्वस्त किया गया। बीकानेर में रेवाड़ी–झज्जर रोड पर लगभग 8 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी में 24 डीपीसी, 10 प्रीकास्ट चहारदीवारी, एक अवैध निर्माण और कच्चे रोड नेटवर्क को गिरवाया गया।
कुतुबपुरी जांगीर में रेवाड़ी–झज्जर रोड पर पुलिस लाइन के नजदीक 4 एकड़ क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी में एक अवैध निर्माण एवं प्रारंभिक स्तर पर बनाए गए कच्चे रोड नेटवर्क को ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई जिला प्रशासन की ओर से नियुक्त ड्यूटी मैजिस्ट्रेट की निगरानी में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।
जिला नगर योजनाकार मनदीप सिंह सिहाग ने आमजन से अपील की है कि नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण न करें। प्लॉट खरीदने से पूर्व संबंधित कार्यालय से कॉलोनी की वैधता अवश्य जांच लें ताकि विभागीय कार्रवाई से बचा जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी निर्माण से पहले सरकार के नियमानुसार अनुमति लेना अनिवार्य है। अवैध कॉलोनियां काटने वाले कुछ प्रॉपर्टी डीलर आमजन को झूठे सपने दिखाकर खाली भूमि पर प्लॉट बेच देते हैं, जिससे बाद में लोग ठगा हुआ महसूस करते हैं।