रेवाड़ी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वोट चोरी का आरोप लगाते हुए लोकतंत्र की रक्षा की मांग को लेकर सोमवार को प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने डीसी कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला और नारेबाजी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका।
ग्रामीण जिलाध्यक्ष सुभाष छावड़ी की अध्यक्षता में आयोजित प्रदर्शन में एआईसीसी सह-प्रभारी जितेंद्र मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के मताधिकार की सुरक्षा की मांग उठाई।
एआईसीसी सह-प्रभारी जितेंद्र ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
ग्रामीण जिलाध्यक्ष सुभाष छावड़ी ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता खत्म की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता के वोट के अधिकार की रक्षा के लिए सरकार और चुनाव आयोग से जवाब मांगा जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके कार्यकाल के दौरान लिए गए चुनाव संबंधी निर्णयों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की। पार्टी ने हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार के इस्तीफे की मांग भी उठाई। ये मांगें कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों और उसके राजनीतिक विरोध का हिस्सा हैं।
प्रदर्शन में पूर्व मंत्री जगदीश यादव, डॉ. एमएल रंगा, जसवंत सिंह, एससी सेल जिलाध्यक्ष रमेश ठेकेदार, पूर्व जिलाध्यक्ष हरीश सैनी, पूर्व नगर परिषद चेयरमैन शकुंतला भंडोरिया, अनिल यादव, विजय बैरियर, चेतराम, हेमंत गौड़, महेंद्र छाबड़ा, रेखा दहिया, बीर सिंह प्रधान, संदीप कसाना, कृष्ण कुमार, मनोज यादव, पूर्ण पहलवान और सीए आशीष यादव सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।