धारूहेड़ा। एक निजी कंपनी में कार्यरत कर्मचारी को टेलीग्राम पर निवेश के नाम पर मुनाफे का लालच देकर 1.31 लाख रुपये की साइबर ठगी कर ली गई।
चरखी दादरी निवासी प्रशांत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29 अक्तूबर को टेलीग्राम आईडी के जरिये एक व्यक्ति ने उससे संपर्क किया। आरोपी ने तीन हजार रुपये निवेश करने पर 900 रुपये मुनाफे सहित 3900 रुपये लौटाने का झांसा दिया। शुरुआत में छोटे टास्क के जरिये उसे फायदा दिखाया गया।
इसके बाद 12 हजार रुपये जमा कराने को कहा गया। फिर 38 हजार, 40 हजार और 38 हजार रुपये की अलग-अलग किस्तें जमा करवाई गईं। इस तरह कुल 1,31,000 रुपये ठग लिए गए। रकम जमा कराने के बाद भी उसे कोई मुनाफा नहीं मिला। आरोप है कि ठगों ने टेलीग्राम पर हुई बातचीत की चैट भी डिलीट कर दी।
ठगी का पता चलने पर प्रशांत ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। अब साइबर क्राइम थाना रेवाड़ी में शिकायत देकर आरोपियों की पहचान, कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की है।