सील करने की कार्रवाई करती टीम। संवाद
धारूहेड़ा। सीएम फ्लाइंग की टीम ने सोमवार को धारूहेड़ा में एक नर्सिंग होम समेत 10 से अधिक स्वास्थ्य संस्थानों के दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान कई खामियां पाई गईं जिसके चलते तीन प्रयोगशालाओं को तत्काल सील कर दिया गया। सीएम फ्लाइंग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सीएम फ्लाइंग टीम को कुछ स्वास्थ्य संस्थानों और लेबोरेट्री संचालकों के खिलाफ शिकायतें मिली थीं। शिकायतों की पुष्टि के लिए टीम धारूहेड़ा पहुंची। टीम ने सबसे पहले एक नर्सिंग होम और चार पैथोलॉजी लैब पर का निरीक्षण किया। इस दौरान दस्तावेजों की जांच और लैब की गतिविधियों का विवरण लिया गया।
टीम ने पाया कि कई संस्थानों में मानक संचालन प्रक्रिया का पालन नहीं हो रहा था। लैब में उपकरणों और रिपोर्टिंग में खामियां पाई गईं, जिससे जांच की विश्वसनीयता पर सवाल उठ खड़ा हुआ। इन खामियों के आधार पर तीन लैबों को सील कर दिया गया और संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया
सीएम फ्लाइंग टीम में इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर सुनील, सब-इंस्पेक्टर सुरेंद्र और गुप्तचर विभाग से सब-इंस्पेक्टर ओमप्रकाश शामिल रहे। टीम ने पूरे निरीक्षण के दौरान दस्तावेजों और लैब प्रक्रियाओं की गहन जांच की।
सीएम फ्लाइंग टीम की ओर से वर्मा नर्सिंग होम एंड पैथ लैब, मॉडर्न लैबोरेट्री, मॉडर्न हाई-टेक लैबोरेट्री और यादव लैबोरेट्री की जांच की गई। जांच के दौरान दस्तावेजों, लाइसेंस, रिकॉर्ड संधारण और निर्धारित प्रक्रियाओं की बारीकी से पड़ताल की गई।
सीएम फ्लाइंग टीम की यह कार्रवाई क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और नियमों के पालन की दिशा में एक चेतावनी के रूप में देखी जा रही है।