रेवाड़ी। सीएम फ्लाइंग और एक्साइज विभाग की संयुक्त टीम ने वीरवार देर शाम खिजूरी के निकट एक होटल में चल रहे अवैध अहाते पर छापा मारकर कार्रवाई की। टीम ने इस दौरान एक कारिंदे को काबू कर लिया है। पुलिस ने होटल मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सीएम फ्लाइंग के डीएसपी राजेश चेची के निर्देश पर एसआई सत्येंद्र कुमार, एचसी सुनील व अजय ने एक्साइज डिपार्टमेंट के इंस्पेक्टर आशीष यादव के साथ खिजूरी के निकट निगानिया बास रोड पर राव होटल पर छापा मारा। मौके पर टीम को देखकर शराब पी रहे 8-10 लोग भाग निकले। इस दौरान टीम ने होटल में मौजूद कर्मचारी राजू को काबू कर लिया है। उसने पूछताछ में बताया कि यह होटल निगानियावास निवासी सुरेंद्र का है। टीम ने मौके से शराब व बीयर की खाली बोतलें भी बरामद की हैं। एक्साइज इंस्पेक्टर की शिकायत पर धारूहेड़ा थाने में केस दर्ज कराया गया है।
डीएसपी राजेश चेची ने बताया कि जहां भी अवैध कार्य होने की सूचना मिलती है, सीएम फ्लाइंग तुरंत कार्रवाई करती है। अवैध कार्य करने वाले लोगों पर सीएम फ्लाइंग की नजरें लगातार बनी रहती हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।