संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 15 जून को रेवाड़ी आएंगे। वह तुला राम स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर डीसी अभिषेक मीणा ने वीरवार को लघु सचिवालय सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक ली। उन्होंने व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए।
डीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री राव तुलाराम स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को जनसभा स्थल और अन्य कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बताया कि मुख्यमंत्री विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे।
डीसी ने कार्यक्रम में पधारने वाले आमजन के लिए सभी प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने एंबुलेंस, पेयजल, बिजली, शौचालय, सफाई व रास्ते पर पड़ने वाले पेड़ों की कटिंग सहित तमाम तैयारियां दुरुस्त करने के निर्देश दिया।
लोक निर्माण विभाग से कहा कि सुगम यातायात व्यवस्था करें। पुलिस को यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, रूट प्लानिंग और पार्किंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के साथ कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड व पार्किंग व्यवस्था सहित अन्य पहलुओं पर जानकारी लेते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं और प्रबंध समय रहते पूरा करने को कहा।
बैठक में एसपी हेमेन्द्र मीणा, एडीसी अनुपमा अंजलि, डीएमसी राहुल मोदी, प्रशिक्षु आईएएस रूहानी, एसडीएम रेवाड़ी सुरेंद्र सिंह, एसडीएम कोसली विजय कुमार यादव, एसडीएम बावल उदय सिंह, सीटीएम प्रीति रावत, डीएसपी विनोद शंकर, डीएसपी डा. रविंद्र, डीएसपी जोगेंद्र शर्मा मौजूद रहे।