संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। दीपावली के मौके पर ट्रेन में पटाखे, विस्फोटक और ज्वलनशील वस्तु ले जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। ट्रेनों में इसकी जांच की जा रही है। ज्वलनशील वस्तु ले जाने वाले यात्रियों पर जुर्माना लगाया जाएगा।
रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण ने बताया कि दीपावली के समय यात्री अक्सर पेट्रोलियम पदार्थ, गैस सिलिंडर, केरोसिन, माचिस, स्टोव, लाइटर, सूखी झाड़ियां और पत्ते जैसे ज्वलनशील पदार्थ लेकर यात्रा करते हैं, जो प्रतिबंधित हैं। एक छोटी चिंगारी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है और जानमाल को भारी नुकसान पहुंचा सकती है।
रेलवे ने सभी डिब्बों में स्टीकर और चेतावनी बोर्ड लगाए हैं, जिनमें नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना या कैद का प्रावधान स्पष्ट किया गया है। रेलवे अधिनियम 1989 की धारा 67, 164 और 165 के अनुसार, ज्वलनशील या विस्फोटक पदार्थ के साथ यात्रा करना दंडनीय अपराध है। यदि कोई यात्री ऐसा करता पाया जाता है तो 1 हजार रुपये तक का जुर्माना या तीन साल तक की कैद या दोनों हो सकते हैं।
रेलवे ने सभी यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपने साथ गैस सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल, केरोसिन, स्टोव, माचिस, सिगरेट लाइटर और पटाखों जैसी किसी भी ज्वलनशील वस्तु को न ले जाएँ। रेलवे का प्रयास है कि सभी यात्री सुरक्षित और सुखद यात्रा कर अपने गंतव्य तक सकुशल पहुंचें।