कनीना में नारनौल अपराध अनुसंधान शाखा द्वारा गिरफ्तार किए गए नशा तस्कर द्वारा रेवाड़ी में भी नशीले पदार्थ की तस्करी की जा रही थी। पुलिस ने तीन कट्टों से 56 किलो गांजा बरामद किया है। कनीना सीआईए आरोपी को लेकर रेवाड़ी पहुंची। आरोपी की निशानदेही पर सदर थाना पुलिस ने जैन सभा कॉलोनी में स्थित एक कमरेसे बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया है। कमरे में रहने वाले दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोपियों के खिलाफ सदर थाना ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने सोमवार शाम को जिला महेंद्रगढ़ के गांव मालड़ा निवासी कर्मवीर को कनीना से काबू किया था। पुलिस ने आरोपी की कार से 80 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। पूछताछ में आरोपी कर्मबीर ने बताया था कि वह जैन सभा में रहने वाले मालड़ा निवासी प्रदीप उर्फ मोनू व मिलन को गांजा देकर आया है। प्रदीप व मिलन जैन सभा में कमरा किराए पर लेकर रहते है तथा नशा बेचने का काम करते है।
दोनों आरोपी फरार
सीआईए नारनौल ने गांजा बेचने की जानकारी सदर थाना रेवाड़ी पुलिस को दी। सूचना के बाद एसआई यशवंत सिंह ने टीम के साथ जैन सभा स्थित कमरे पर दबिश दी। पुलिस को देख कर कमरे पर मौजूद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं पुलिस ने कमरे में रखे तीन कट्टों से करीब 56 किलोग्राम गांजा बरामद किया।। पुलिस ने एसआई यशवंत की शिकायत पर आरोपी कर्मबीर, मिलन व प्रदीप उर्फ मोनू के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।