रेवाड़ी। दीपावली के मद्देनजर बुधवार सुबह से शाम तक बाजार में जबरदस्त भीड़ रही। बर्तन, जेवर, वाहन और सजावटी सामानों आदि की लोगों ने जमकर खरीदारी की। मिठाई और साजसज्जा के सामान की खूब बिक्री हुई। पूरे जिले में 100 करोड रुपये के आसपास का कारोबार हुआ है।
बाजार में गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति के जोड़े, मिट्टी के दीये, रंग-बिरंगे बल्बों की लड़ियां, खिलौने, मोमबत्तियां भी खूब बिकीं। मिठाई की दुकानों में भीड़ की वजह से पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही थी। लोगों ने गिफ्ट के पैकेट भी खरीदे। मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक सामान भी पसंद किया।
सराफा बाजार में चहलपहल बनी रही। ऑटोमोबाइल दुकानों में लोग बाइक और कार देखने पहुंचे। छोटी दिवाली पर लोगों ने पूजा के लिए नए और छोटे बर्तन खरीदे। पुलिस की तरफ से भी लगातार गश्त की जा रही थी। साथ ही जगह-जगह पुलिस भी तैनात थी। बाजार में चार पहिया वाहनों की एंट्री बैन है।
पंजाबी मार्केट, गोकल बाजार, सराफा बाजार, जीवली बाजार, मोती चौक मार्केट, ब्रास मार्केट, नया बाजार, बजाजा बाजार, भाड़ावास रोड मार्केट यहां पर पैर रखने तक की जगह नहीं थी। सुरक्षा दृष्टि के लिहाज से पुलिस का भी सख्त पहरा रहा। पुलिस की टीमें लगातार बाजार में गश्त कर रही थीं। आज दीपावली पर भी भीड़ होगी।
इस बार अच्छा गया कारोबार:
कपड़ा व्यापारी जसपाल ने बताया कि दिवाली से एक दिन पहले कपड़ों की खरीदारी अच्छी होती है। ऐसे में व्यापार काफी अच्छा गया है। पूरे मार्केट में करीब 25 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। जिले 450 से 500 कपड़ों की दुकानें हैं। मिठाई व्यापारी रमेश ने बताया कि बाजार में मिठाई की मांग काफी पहले उनके पास आई हुई थी। इस बार ऐसी स्थिति रही कि उनके पास बेचने के लिए मिठाई ही कम पड़ गई। बता दें कि जिले में करीब मिठाइयों की 200 दुकानें हैं। 15 करोड़ रुपये का मिठाई का कारोबार जिले में हुआ है। मूर्ति व्यापारी रमेश चंद ने बताया कि इस बार लोगों ने मिट्टी की मूर्तियां काफी पसंद की हैं। इस वजह से कारोबार काफी अच्छा गया है। दोपहिया और चार पहिया शोरूम में भी लोगों की भीड़ लगी रही। 200 से अधिक बाइक व 120 से अधिक चार पहिया वाहन बिके। सोना-चांदी की भी खरीद हुई। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ रही। बावल, धारूहेड़ा, कोसली में भी बड़ा बाजार है, यहां पर भी अच्छी खरीदारी हुई है।