रेवाड़ी। रेवाड़ी नगर परिषद चुनाव में चेयरमैन पद पर भाजपा की प्रत्याशी विनीता पीपल ने जीत दर्ज की है। विनीता ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार निहारिका चौधरी को 21 हजार 455 मतों से पराजित किया।
विनीता पीपल को 44 हजार 521 वोट मिले जबकि निहारिका को 23 हजार 66 मत मिले। चुनाव परिणाम घोषित होते ही भाजपा समर्थकों में उत्साह है। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और मिठाइयों के साथ जीत का जश्न मनाया। वहीं कांग्रेस खेमे में निराशा दिखाई दी। निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. मीनू डहीनवाल को 3 हजार 103 वोट प्राप्त हुए।
वहीं निर्दलीय प्रत्याशी आशा को 1 हजार 851 मत मिले। इसके अलावा दीपिका पवार को 948 तथा शकुंतला भांडोरिया को 552 वोट प्राप्त हुए। चुनाव में 1 हजार 49 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुनते हुए किसी भी उम्मीदवार को पसंद नहीं किया। मतगणना प्रक्रिया सुबह से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई थी।
मतगणना केंद्र के बाहर प्रत्याशियों के समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही। हर राउंड के बाद परिणामों की जानकारी मिलने पर समर्थकों में उत्सुकता बढ़ती रही। दोपहर करीब एक बजे सभी आठ राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद प्रशासन ने आधिकारिक परिणाम घोषित किए। जीत के बाद विनीता पीपल ने कहा कि यह जीत जनता के विश्वास और भाजपा की विकास नीतियों की है।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी और शहर की सफाई, पेयजल, सड़क और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी ईमानदारी से कार्य किया जाएगा।
0
2016 में चेयरपर्सन चुनीं गईं थीं
विनीता पीपल (46) 2013 में वार्ड पार्षद और 2016 में नगर परिषद की चेयरपर्सन चुनी गई थीं। पति एडवोकेट नरेंद्र पीपल केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत के समर्थक हैं। ससुर मोहन लाल पीपल पटौदी से 1982 और 1991 में विधायक रहे चुके हैं।
-
जीत के 3 कारण
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत का समर्थन
लोकल राजनीति में पकड़, पुराना अनुभव काम आया
लगातार डोर टू डोर अभियान चलाया
तीन संकल्प
शहर में पानी की किल्लत को दूर करना
विकास को प्राथमिकता
कुत्तों व बेसहारा पशुओं से छुटकारा, शहर की सफाई
-
रेवाड़ी नगर परिषद में 12 वार्डों में भाजपा प्रत्याशी विजयी रहे। एक में कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत हासिल की जबकि शेष 19 वार्डों में निर्दलीय का कब्जा रहा।
-
जीत हासिल करने पर खुशी जाहिर करतीं विनीता पीपल।