धारूहेड़ा। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर साहबी पुल के पास कार की टक्कर से बाइक सवार कंपनी कर्मचारी की मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची धारूहेड़ा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। वहीं कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर के सेक्टर चार हाउसिंग बोर्ड निवासी सुरेश बठला ने बताया कि वह धारूहेड़ा स्थित मालपुरा में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उनका चचेरा भाई सुनील बठला भी कंपनी में उनके साथ काम करता है। शनिवार की रात करीब 9 बजे दोनों अपनी-अपनी बाइक पर रेवाड़ी की ओर से जा रहे थे। सुरेश ने बताया कि उनका चचेरा भाई सुनील बठला बाइक पर आगे चल रहा था। जब वह साहबी पुल के पास पहुंचा तो एक कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने सुनील बठला को मृत घोषित कर दिया। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया और कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।