धारूहेड़ा। औद्योगिक कस्बा धारूहेड़ा में चोरों ने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। इस दौरान परिवार के लोग यूपी के गांव जरारा में शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
यूपी के जिला मथुरा के गांव जरारा मांट निवासी संतोष गुप्ता फिलहाल धारूहेड़ा के शिवनगर पार्ट-2 में रहते हैं। उन्होंने घर के पास ही किराना की दुकान की हुई है। 2 दिसंबर को वह अपने गांव जरारा में शादी समारोह में गए थे। इसी दौरान मौके लाभ उठाकर चोरों ने उनके घर का ताला तोड़ दिया। ताला टूटा देख संतोष गुप्ता के पीछे वाली गली में रहने वाले उसके बड़े भाई देवेंद्र ने इसकी सूचना दी। इसके बाद आनन-फानन में संतोष धारूहेड़ा पहुंचे और घर को चेक किया। संतोष जब अपनी पत्नी के साथ घर पर आया तो उसकी दोनों अलमारी टूटी मिली। अलमारी में रखे सोने का हार, झुमकी, हाथ घड़ी, झाले, कमर पेटी, 4 जोड़ी पायजेब, अंगूठी, बाली और काफी सारा अन्य सामान गायब मिला। संतोष ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।