राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-352 स्थित रामगढ़ चौक पर रविवार रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक युवक का रास्ता रोक लिया तथा मारपीट कर पर्स, हेलमेट व कागजात छीनकर फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में गांव तुर्कियावास निवासी सुनील कुमार ने बताया कि वह दिल्ली में काम करता है तथा रात को करीब साढ़े 9 बजे अपनी बाइक पर गांव जा रहा था। हाईवे पर रामगढ़ चौक के समीप पहुंचने पर बाइक सवार तीन युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। तीनों ने हाथों में डंडे लिए हुए थे। बाइक रोकते ही तीनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी तथा जेब से पर्स छीन लिया। पर्स में नकदी व बैंकों के तीन एटीएम, आधार कार्ड, पेन कार्ड व ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य कागजात थे। आरोपी जाते समय उसका हेलमेट भी छीन ले गए। शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।