रेवाड़ी। गांव सहारनवास के समीप एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चला रहे व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रामपुरा थाना पुलिस ने फरार कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जिले के गांव भटेड़ा निवासी मंजीत ने बताया कि वह शहर में एक दुकान पर काम करता है। बुधवार की शाम वह नाईवाली चौक पर खड़ा हुआ था तभी उसका जानकार शिव कुमार निवासी बटोड़ी बाइक लेकर आ गया। दोनों बाइक पर सवार होकर घर की ओर चल दिए। मंजीत के मुताबिक हमने गांव सहारनवास का बस स्टैंड क्रॉस ही किया था कि पीछे से एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार आई। कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी, जिससे वह दोनों सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद आरोपी चालक कार को भगा ले गया। कार की स्पीड काफी ज्यादा थी। हादसे में शिव कुमार को छाती और सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि उसके हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आई। मौके पर पहुंचे लोगों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।
प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया
जहां शिव कुमार को डॉक्टर ने ज्यादा चोट होने के कारण मृत घोषित कर दिया, जबकि मंजीत को गंभीर अवस्था में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना के बाद रामपुरा थाना पुलिस पहले मौके पर पहुंची और फिर अस्पताल पहुंचकर मंजीत के बयान दर्ज किए। पुलिस ने शिव कुमार के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, फरार कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।