फोटो : सोनीपत के राई स्थित हरियाणा खेल विवि में केसीएल में भिड़ते खिलाड़ी। स्रोत: प्रवक्ता
सोनीपत। हरियाणा खेलकूद विश्वविद्यालय, राई में आयोजित हो रही कबड्डी चैंपियंस लीग (केसीएल) के पहले सेमीफाइनल में भिवानी बुल्स ने लीग टॉपर्स हिसार हीरोज को 40-36 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। मैच देवांक दलाल की रेड से शुरू हुआ जिसका जवाब हिसार के आशु मलिक ने दिया।
देवांक ने शुरुआती दौर में ही सुपर रेड लगाई। सुरजीत नरवाल की अगुवाई में हिसार की डिफेंस ने मुकाबले में संतुलन बनाए रखा। पहले रणनीतिक टाइमआउट तक भिवानी बुल्स 11-9 से आगे थी।
हिसार ने वापसी करते हुए भिवानी को ऑल आउट कराया और 17-14 की बढ़त बनाई। आशु मलिक की सधी हुई रेड्स के दम पर हिसार हीरोज ने हाफ टाइम तक 22-16 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली। दूसरे हाफ में तस्वीर पूरी तरह बदल गई।
दूसरे हाफ में देवांक दलाल ने सुपर 10 पूरा किया और टीम को मुकाबले में बनाए रखा। नितेश और सौरव नांदल ने हिसार की ओर से डिफेंस में संघर्ष जरूर किया लेकिन देवांक की आक्रामक डू-और-डाई रेड्स के सामने हीरोज की चुनौती कमजोर पड़ती गई।
अंतिम क्वार्टर में देवांक की स्प्रिंट रेड ने भिवानी को निर्णायक बढ़त दिला दी। मैच में रेडर ऑफ द मैच देवांक दलाल बने। डिफेंडर ऑफ मैच हिसार हीरोज के नितेश रहे। नजदीकी सेमीफाइनल मुकाबला के दौरान चेतन जोशी, कुलदीप दलाल (चेयरमैन, एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन ऑफ हरियाणा), कुमार विजय (चेयरमैन, बिहार कबड्डी एसोसिएशन) भी मौजूद रहे।