भिवाड़ी। माहेश्वरी के नजदीक भिवाड़ी मोड़ पर आयोजित क्रिकेट मैच में भिवाड़ी की टीम ने पैंथर 11 को 4 विकेट से हराकर एक रोमांचक टी-20 क्रिकेट मैच जीत लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पैंथर 11 ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 185 रन बनाए। उनकी पारी की कमान निशांत राव ने संभाली, जिन्होंने नाबाद 66 रनों की शानदार पारी खेली। कप्तान अंकित अग्रवाल ने 35, नीरज मेहरा ने 26, निशांत शर्मा ने 12 और बृजेश ने 10 रन बनाए।
भिवाड़ी टीम की ओर से गेंदबाजी में चेतन ने 3 विकेट चटकाए, जबकि खिलाड़ी सतपाल यादव और रविंद्र ने 2-2 विकेट लिए। राकेश कुमार को 1 विकेट मिला।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी भिवाड़ी की टीम ने 18 ओवर में 6 विकेट खोकर 187 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। भूषण ने 52 रनों की आकर्षक पारी खेल टीम को जीत की राह दिखाई।
राकेश कुमार नाबाद 27, लव खन्ना 24, कप्तान दिनेश बेदी 23 और मिंटो दायमा नाबाद 16 रन बनाकर नाबाद रहे। पैंथर 11 की ओर से अमन बिधूड़ी और निशांत राव ने 2-2 विकेट लिए, जबकि निशांत शर्मा और पूर्व पार्षद नंदू को 1-1 विकेट मिला।
मैच के बाद पुरस्कार वितरण में भूषण को मैन ऑफ द मैच, पैंथर 11 के निशांत राव को बेस्ट बल्लेबाज और भिवाड़ी टीम के चेतन को बेस्ट गेंदबाज का अवार्ड दिया गया।
इस अवसर पर दिनेश बेदी, पोरस सिंह, लव खन्ना, पूर्व पार्षद नंदू, डॉ. जितिन ठक्कर, धर्मेंद्र शर्मा, निशांत शर्मा, नीरज मेहरा, अंकित अग्रवाल, रविंद्र, धीरज, चेतन सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।