रेवाड़ी। उपायुक्त राहुल हुड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना नागरिकों के लिए वरदान साबित हो रही है। अंत्योदय परिवारों के साथ जिस भी परिवार की आय तीन लाख रुपये वार्षिक हो वह भी 1500 रुपये प्रीमियम का भुगतान करके आयुष्मान भारत चिरायु योजना का लाभ उठा सकते हैं। इस योजना के तहत प्रति परिवार को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जा रहा है।
डीसी ने बताया कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का विस्तार करते हुए चिरायु योजना हरियाणा के नाम से शुरू किया है। चिरायु योजना आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत ही आती है। चिरायु योजना की सहायता से गरीब परिवार के लोग 5 लाख रुपये तक का निशुल्क इलाज करवा सकते हैं। चिरायु योजना के तहत कम से कम 1500 बीमारियों का इलाज मुफ्त किया जाता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 1.80 लाख रुपये तक आय वाले बीपीएल परिवारों को ही लाभ मिलता था। राज्य सरकार ने इस योजना का ज्यादा से ज्यादा से लाभ सुनिश्चित करने के लिए तीन लाख रुपये तक आय वाले परिवारों को भी इस योजना के तहत स्वास्थ्य लाभ देने का निर्णय लिया है। ऐसे परिवार केवल बहुत कम मासिक चार्ज केवल 1500 रुपये के वार्षिक भुगतान पर पूरे परिवार को स्वास्थ्य लाभ प्रदान कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि चिरायु योजना के अंतर्गत विवाह अथवा जन्म के माध्यम से किसी नए सदस्य का आगमन होता है तो वह भी इस योजना का लाभार्थी है, जिसके लिए जन्म प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र देकर योजना में शामिल हो सकते है। उन्होंने कहा कि यह योजना पूर्णत: कैशलेस है। लाभार्थी केवल अपना आयुष्मान भारत कार्ड दिखाकर ही पैनल पर लिए गए निजी अथवा सरकारी अस्पतालों में अपना मुफ्त में इलाज करवा सकते है।