गांव हरचंदपुर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण करते सहकारिता मंत्री डॉ. बनव
- फोटो : Rewari
बावल। सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने रविवार को बावल विस क्षेत्र के गांव हरचंदपुर में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद कहा कि महापुरुष किसी एक जाति और धर्म के लिए नहीं बल्कि सर्व समाज के हित में कार्य करते हैं। इसी प्रकार बाबा साहेब सकारात्मक विचारों के साथ हर वर्ग के उत्थान में अपनी भागीदारी निभाते हुए जनसेवा को समर्पित हो अपना जीवन लगाया। उन्होंने जीवन पर्यंत विपरीत परिस्थितियों में उच्च शिक्षा ग्रहण करते हुए संपूर्ण समाज को आगे बढ़ाने का काम किया।
उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल सरकार निरंतर बाबा साहेब के जीवन दर्शन पर सही मायनों में अमल करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। सर्व समाज के जरूरतमंदों के लिए कल्याणकारी योजनाएं बनाकर क्रियान्वित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के जीवन दर्शन के तीन मूल मंत्रों का उल्लेख अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का मानना था कि जीवन में आगे बढने के लिए शिक्षित बनो, संगठित रहो व संघर्ष करो। उन्होंने उपस्थित युवा शक्ति को डॉ.आंबेडकर के तीन मूल मंत्रों को अपने-अपने जीवन में आत्मसात कर समाज को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी बाबा साहेब के सिद्धांतों का अनुकरण कर आगे बढ़े और अच्छे से शिक्षा ग्रहण कर अपने जीवन को सफल बनाएं।
डॉ. बनवारी लाल ने गांव में ग्रामीणों की समस्याओं को भी सुना और उनका शीघ्र समाधान करवाने का आश्वासन दिया। वहीं सहकारिता मंत्री ने आंबेडकर पार्क के लिए निजी कोष से 5 लाख रुपये सहयोग स्वरूप देने की घोषणा की। उन्होंने ग्रामीणों को सरकार द्वारा 24 अप्रैल को पानीपत में आयोजित गुरु तेग बहादुर के प्रकाशोत्सव में बढ़चढ़ कर भाग लेने का निमंत्रण भी दिया। कार्यक्रम में अमरसिंह महलावत, भाजपा महामंत्री ईश्वर चनेजा, अमित स्वामी, रामसिंह सांभरिया, महेश नेहचाना, चित्र कुमार, प्रकाश चंद कटारिया, हंसराज चौधरी, मनजीत सिंह दहिया, राजनारायण जाटव, प्रमोद, पुष्प आदि मौजूद रहे।