एक युवती को ऑनलाइन एप पर लोन लेने के लिए आवेदन करना महंगा पड़ गया। कागजात जमा करने के बाद बिना लोन दिए ही एप की ओर से राशि जमा कराने के लिए धमकी देना शुरू कर दी गई और जब युवती ने इनकार किया तो एडिट की हुई निजी फोटो कांटेक्ट लिस्ट में शामिल रिश्तेदारों व दोस्तों को भेज दी। युवती ने साइबर थाना में शिकायत देकर मामला दर्ज कराया है। इससे पहले भी ऐसा मामला सामने आ चुका है।
पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान निवासी एक युवती ने बताया कि वह वर्तमान में किराये पर रहती है। नौ जून को उन्होंने एक इंस्टेंट लोन एप डाउनलोड की थी और एक फार्म भर कर कागजात व अपनी फोटो सबमिट की थी। इसके बाद उसके अकाउंट में लोन की कोई राशि नहीं आई। 12 जून को अनजान मोबाइल नंबर से व्हटसएप काल आई और लोन की 1140 रुपये की किश्त जमा कराने के लिए कहा। उन्होंने बिना लोन दिए किश्त जमा कराने से इनकार कर दिया। इंकार करने पर कॉल करने वाले ने धमकियां देनी शुरू कर दीं। युवती ने वह नंबर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद 13 जून को फिर से दो अनजान नंबरों से व्हटसएप पर वाइस कॉल व मैसेज आने शुरू हो गए और 1140 रुपये जमा नहीं करने पर अंजाम भुगतने की धमकी देने लगे।
आरोपियों ने कागजात से उसकी फोटो निकाल ली और एडिट करते हुए निजी फोटो बनाकर युवती के व्हटसएप नंबर पर भेज दी। युवती ने डर के कारण आरोपियों द्वारा भेजे गए लिंक के जरिये अपने खाते से 1140 रुपये जमा कर दिए। थोड़ी देर बाद आरोपियों ने फिर से उनकी अश्लील फोटो व्हटसएप पर भेजी। आरोपियों ने उनके मोबाइल की कांटेक्ट लिस्ट हैक कर सभी नंबरों पर निजी फोटो वायरल कर दी। युवती ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। साउथ रेंज साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
इससे पहले भी एक डॉक्टर की पत्नी की निजी फोटो बना ठगी करने का मामला सामने आ चुका है। लोन देने का झांसा देकर महिला से हजारों रुपये जमा करा लिए थे और उसकी निजी फोटो बना वायरल कर दी थी। महिला ने धारूहेड़ा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन पुलिस अभी तक आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है और मामला अभी तक अनसुलझा ही है।