रेवाड़ी। जिले के 11 सरकारी, 4 सरकारी सहायता प्राप्त और 3 स्वयं वित्तीय पोषित सहित कुल 18 महाविद्यालयों की करीब 9010 हजार सीटों पर स्नातक में प्रवेश होना है। इसके लिए इस बार विद्यार्थियों को महज एक 09 दिन ही ऑनलाइन आवेदन के लिए मिल पाऐंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने 12 से 20 अगस्त के बीच ऑनलाइन आवेदन करने के लिए शेड्यूल जारी किया है।
सीबीएसई और हरियाणा बोर्ड की ओर से 12वीं का रिजल्ट जारी होने के बाद अब कॉलेज और विश्वविद्यालयों में आगामी सत्र में दाखिले की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। बता दें कि कोरोना के चलते इस बार शैक्षणिक सत्र भी देरी चल रहा है। अगस्त में दाखिला करने के बाद सितंबर में नया सत्र शुरू होने की उम्मीद की जा सकती है। इस दौरान विद्यार्थियों को कोरोना की तीसरी लहर से बचने के लिए कोविड गाइडलाइन का पालन भी करना है।
दस्तावेज भी ऑनलाइन होंगे सत्यापित
हरियाणा के उच्च शिक्षा विभाग की ओर से बीते 31 जुलाई को महाविद्यालयों में दाखिले का शेड्यूल जारी किया गया है। इस बार भी कॉलेजों में विद्यार्थियों का एडमिशन ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत ही किया जाएगा। कॉलेज प्रशासन विद्यार्थियों के दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन कर एडमिशन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे। कॉलेजों में एडमिशन के लिए उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी शेड्यूल के मुताबिक, अंडर ग्रेजुएट (यूजी) कक्षाओं में 12 से 20 अगस्त तक आनलाइन पंजीकरण होगा।
25 अगस्त को लगेगी पहली मेरिट लिस्ट
कॉलेजों की ओर से 13 से 22 अगस्त तक ऑनलाइन दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। पहली मेरिट लिस्ट 23 व 24 अगस्त को तैयार की जाएगी और 25 अगस्त पहली मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। 25 से 28 अगस्त तक पहली लिस्ट में आने वाले छात्र फीस जमा करा सकेंगे। 29 अगस्त को दूसरी मेरिट लिस्ट तैयार करने के बाद इसे 30 अगस्त को जारी किया जाएगा। दूसरी सूची में आने वाले विद्यार्थी 30 व 31 अगस्त को फीस जमा करवा सकेंगे। बाकी बची सीटों के लिए एक सितंबर को एडमिशन पोर्टल दोबारा पंजीकरण के लिए खोला जाएगा।
स्कैन दस्तावेज करने होंगे अपलोड
ऑनलाइन पंजीकरण के लिए सभी दस्तावेज स्कैन करने के बाद अपलोड किए जाएंगे। इन दस्तावेजों में पासपोर्ट साइज फोटो की स्कैन प्रतिलिपि, विद्यार्थी के हस्ताक्षर की स्कैन की गई प्रतिलिपि, 10वीं व 12वीं की मार्कशीट, माइग्रेशन सर्टिफिकेट (हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अलावा अन्य बोर्ड के विद्यार्थियों के लिए जरूरी)चरित्र प्रमाणपत्र रएनसीसी/एनएसएस/ खेल प्रमाण पत्र (जहां भी लागू हो), हरियाणा निवास प्रमाण पत्र (डोमिसाइल), ईडब्ल्यूएस या एससी/बीसी छात्रवृत्ति के लाभ का दावा करने के लिए आय प्रमाण पत्र व गैप ईयर का एफिडेविट अपलोड करना जरूरी है।
दस्तावेजों में कमी मिलने पर आएगा मैसेज
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों को दिशा निर्देश देते हुए कहा है कि अगर किसी विद्यार्थी के एडमिशन फॉर्म या दस्तावेज को अस्वीकृत किया जाता है तो विद्यार्थी के दिए गए मोबाइल नंबर पर खुद ही मैसेज आएगा। इसके 24 घंटे के भीतर विद्यार्थी को त्रुटि को दूर कर दस्तावेज को दोबारा अपलोड करना होगा। एडमिशन के लिए आवेदन कर रहे विद्यार्थी कॉलेजों द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों के जरिए भी अपनी समस्याओं को दूर कर सकते हैं। इसके लिए कॉलेेजों की ओर से विद्यार्थियों के हितों को देखते हुए हेल्प डेस्क लगाने की बात भी कही जा रही है।
प्रिंसिपल केएलपी कॉलेज डॉ. अभय सिंह यादव ने कहा कि उच्च शिक्षा विभाग ने यूजी कक्षाओं के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है। 12 से 20 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। विद्यालयों की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है। विद्यार्थी कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए निर्धारित समय के अंदर आवेदन करें।