रेवाड़ी। राजकीय महाविद्यालयों में स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष में दाखिले को लेकर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। इच्छुक विद्यार्थी 28 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अभी तक जिले में कुल 523 आवेदन आ चुके हैं। आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद स्नातकोत्तर महाविद्यालयों में आवेदन की जांच प्रक्रिया शुरू होगी जो 29 जुलाई तक चलेगी।
उसके बाद प्रथम मेरिट सूची 31 जुलाई को जारी की जाएगी और चयनित विद्यार्थियों को 1 अगस्त से 4 अगस्त तक फीस जमा करने का समय दिया जाएगा। वहीं प्रतीक्षा सूची में आने वाले विद्यार्थियों के लिए फिजिकल काउंसिलिंग 5 अगस्त को महाविद्यालय स्तर पर आयोजित की जाएगी। जो विद्यार्थी पहले चरण में दाखिला नहीं ले पाएंगे, उनके लिए छूटे हुए विद्यार्थियों को दूसरा मौका दिया जाएगा।
इसके अंतर्गत 6 अगस्त से 12 अगस्त तक पोर्टल दोबारा खोला जाएगा और फिजिकल काउंसिलिंग के माध्यम से 100 रुपये लेट फीस के साथ दाखिला लिया जा सकेगा। इसके बाद 13 अगस्त से 19 अगस्त तक 100 रुपये प्रतिदिन की दर से लेट फीस के साथ दाखिले की अनुमति होगी।
स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष के कुल 600 सीटों पर होंगे दाखिले
जिले के 6 सरकारी समेत 3 एडेड महाविद्यालयों की 600 से अधिक सीटों पर आवेदन मांगे गए है। शहर के राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर-18 में एमकॉम में 60, एमएससी भूगोल में 40 सीटें और राजकीय महाविद्यालय बावल में एमए संस्कृत में 40 और राजकीय महाविद्यालय पाली में एमसीए में 40 सीटें हैं। राजकीय महाविद्यालय कोसली में एमएससी गणित में 40, राजकीय महाविद्यालय गुरावड़ा में एमए राजनीति विज्ञान मे 40 सीटें, अहीर कॉलेज रेवाड़ी में एमकॉम में 40 सीटें, केएलपी महाविद्यालय रेवाड़ी में एमकॉम में 40 सीटें, एमएससी भूगोल में 40 सीटे हैं।
आरडीएस महाविद्यालय रेवाड़ी में एमए हिंदी में 40, एमए राजनीति विज्ञान में 40, एमकॉम में 40 और एमए इतिहास 40 सीटें हैं। नए सत्र में आरंभ हो रहे इस कोर्स में छात्राओं की संख्या के अनुसार सीटें बढ़ाई जा सकती हैं।
दाखिले के लिए इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
महाविद्यालयों में दाखिले के लिए आवेदन करते समय विद्यार्थियों को कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज लाने होंगे। इनमें सत्यापित परिवार पहचान-पत्र, आधार कार्ड, 10वीं, 12वीं व स्नातक की मार्कशीट, फोटो, चरित्र प्रमाण-पत्र अनिवार्य हैं। आरक्षित वर्ग के छात्रों के लिए जाति प्रमाण-पत्र तथा हरियाणा रिहायशी प्रमाण-पत्र भी अनिवार्य है। वहीं हरियाणा शिक्षा बोर्ड के अलावा अन्य बोर्ड के विद्यार्थियों को माइग्रेशन सर्टिफिकेट भी लाना अनिवार्य है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे आवेदन करने से पहले अपने दस्तावेज तैयार कर लें।
-
वर्जन :
स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो चुके हैं। खरखड़ा स्थित राजकीय महाविद्यालय में कुल 80 सीटों पर दाखिले होंगे। अगर विद्यार्थी महाविद्यालय में दाखिला लेना चाहते हैं वह ऑनलाइन आवेदन कर सकता है।
- डॉ. मनु कुमार, एडमिशन नोडल अधिकारी, राजकीय महाविद्यालय खरखड़ा।