रेवाड़ी। आईटीआई में दाखिला लेने से वंचित रह गए विद्यार्थियों को कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने राहत दी है। विभाग ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून से बढ़ाकर अब 30 जून कर दी है। विद्यार्थी 30 जून रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
जिले में संचालित 23 सरकारी और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में विभिन्न ट्रेडों की कुल 5332 सीटों पर दाखिले होंगे। विभाग की ओर से ट्रेड चयन का शेड्यूल अभी जारी नहीं किया गया है। संभावना है कि 30 जून को ही आगामी प्रवेश प्रक्रिया का कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। दूसरी ओर पहले निर्धारित अंतिम तिथि 15 जून तक जिले की सरकारी और निजी आईटीआई में दाखिले के लिए अच्छी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। अब तक करीब 40 प्रतिशत सीटों के लिए आवेदन किए जा चुके हैं।
विद्यार्थियों की सुविधा के लिए जिले की सभी सरकारी और निजी आईटीआई में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। यहां आवेदन प्रक्रिया, दस्तावेज अपलोड करने और प्रवेश संबंधी अन्य जानकारी के लिए मार्गदर्शन दिया जा रहा है। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक हेल्प डेस्क की सुविधा रहती है।
तकनीकी और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के प्रति युवाओं का बढ़ता रुझान देखते हुए आने वाले दिनों में आवेदन संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। जिले के 10 सरकारी आईटीआई संस्थानों में 2832 सीटें उपलब्ध हैं जबकि निजी आईटीआई में करीब 2500 सीटें हैं। सरकारी संस्थानों में सबसे अधिक 620 सीटें राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रेवाड़ी में हैं। कुंड-मनेठी में 464, कोसली में 440, बेरली कलां में 368, महिला आईटीआई रेवाड़ी में 240, सहारनवास में 220 तथा खरखड़ा और टांकड़ी में 196-196 सीटें उपलब्ध हैं। वहीं लेदर एवं फुटवीयर आईटीआई रेवाड़ी में 40 और सैनिक परिवार भवन आईटीआई रेवाड़ी में 48 सीटें निर्धारित की गई हैं।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
ऑनलाइन आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को 10वीं और 12वीं की अंकतालिका, परिवार पहचान पत्र (पीपीपी), आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, पासपोर्ट आकार फोटो, बैंक पासबुक, जाति प्रमाण पत्र, हरियाणा निवासी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र तथा चरित्र प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
-
वर्जन:
विद्यार्थियों की मांग और सुविधा को देखते हुए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून तक बढ़ाई गई है। जो अभ्यर्थी किसी कारणवश आवेदन नहीं कर पाए थे, वे निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकते हैं।
- सुरेंद्र सिंह, प्राचार्य, महिला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान