धारूहेड़ा। भाजपा सेवा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश खोला ने मंगलवार को नगरपालिका धारूहेड़ा व धारूहेड़ा खंड में अंत्योदय मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई स्टॉल का अवलोकन किया और आमजन से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान भी किया। एसडीएम बावल संजीव कुमार ने भी अंत्योदय मेले का अवलोकन किया।
सतीश खोला ने कहा कि अंत्योदय मेला जरूरतमंद लोगों के लिए आर्थिक समृद्धि का आधार बन रहा है मुख्यमंत्री मनोहर लाल पं. दीन दयाल उपाध्याय के सपने को साकार करते हुए परिवार पहचान पत्र के माध्यम से चिह्नित आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को स्वावलंबी बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम उठा रहे हैं। अंत्यादेय मेले के माध्यम से सरकार की योजनाओं का प्रभावी रूप से क्रियान्वयन करते हुए पात्र लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है।
खोला ने कहा कि प्रदेश सरकार अंत्योदय की भावना से कदम उठाते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति को योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कृत संकल्प है। इसी श्रृंखला में आजादी अमृत महोत्सव के तहत अंत्योदय मेले जनसेवा को समर्पित करने को लगाए जा रहे हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक जरूरी सेवाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रभावी रूप से कदम उठा रही है। इस अवसर पर डीडीपीओ एचपी बंसल, जिला समाज कल्याण अधिकारी रेणू बाला, ईओ अभय सिंह, सचिव अनिल कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष हुकम चंद यादव, अजय जांगड़ा आदि उपस्थित रहे।