रेवाड़ी। शहर के नागरिक अस्पताल के शिशु वार्ड में वीरवार रात करीब साढ़े 10 बजे आग लग गई। वार्ड में सात शिशु व जच्चा बच्चा वार्ड में करीब 20 महिलाएं भर्ती थीं। आग लगने की जानकारी होने पर अस्पताल स्टाफ और अन्य लोगों ने वार्ड से बच्चों को बाहर निकाला। दमकल की दो गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका।
बतादें कि नागरिक अस्पताल के जच्चा-बच्चा वार्ड के साथ ही नवजात शिशु के लिए भी अलग से वार्ड बनाया गया है। रात करीब साढ़े 10 बजे अचानक से वार्ड में लगे एसी में आग लग गई। धुआं उठने लगा तो गर्भवती महिलाओं व परिजनों ने चीखना चिल्लाना शुरू कर दिया। स्टाफ़ और तीमारदारों ने वार्ड से गर्भवती महिलाओं व बच्चों को निकालना शुरू कर दिया। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे की जानकारी पर प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील कुमार माही व अन्य चिकित्सक मौके पर पहुंचे। गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं को निजी अस्पताल में शिफ्ट कराया गया। डॉ. सुशील कुमार माही ने बताया कि सभी गर्भवती महिलाएं व नवजात शिशु पूरी तरह से सुरक्षित हैं। आग लगने के कारणों की जांच करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से चार सदस्यीय कमेटी गठित कर दी गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के वक्त आग पर काबू पाने के लिए अस्पताल परिसर में लगाए गए अग्निशमन उपकरण काम नहीं आए। संबंधित वार्ड में दाखिल बच्चों के परिजनों का कहना है कि स्वास्थ्य अधिकारी भी देरी से पहुंचे। वार्ड में चारों ओर धुआं फैल गया था। वहीं डॉ. कृष्ण कुमार सिविल सर्जन सीएमओ का कहना है कि हादसे की जांच के लिए जांच कमेटी गठित कर दी गई है। रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।