बावल। पुलिस ने कंपनी कर्मचारी से लूटपाट करने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के जिला कोटपुतली बहरोड़ के गांव जोनायचा खुर्द निवासी चंचल शर्मा के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया है।
राजस्थान के जिला खैरथल तिजारा के गांव मढ़ा निवासी ओमप्रकाश ने शिकायत में बताया था कि वह बावल की एक निजी कंपनी में ड्राइवर हैं। 28 सितंबर की रात को वह कंपनी में ड्यूटी करने के बाद बाइक से अपने गांव जा रहे थे। रात को करीब साढ़े 11 बजे जब वह प्राणपुरा-पावटी बांध के पास पहुंचा तो एक गाड़ी में सवार कुछ बदमाशों ने उसकी बाइक को रुकवा लिया। बदमाशों ने उसके साथ मारपीट करके जबरदस्ती उसका मोबाइल फोन, पर्स व उसकी बाइक को छीन लिया तथा मौके फरार हो गए। इस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना बावल में लूट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके मामले में संलिप्त चार आरोपी हेमंत, योगेश, विनय कुमार व मंजीत को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने अब संलिप्त एक और आरोपी चंचल शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया है।