आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते कामरेड राजेंद्र सिंह।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। सुभाष पार्क में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं का अपनी लंबित मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन 53वें दिन शनिवार को भी जारी रहा। इस मंच से अधिकतर वक्ताओं ने सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया है। इस दौरान जिला प्रधान तारा देवी ने बताया कि शनिवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने यह नया निर्णय लिया कि वे 31 जनवरी को अपने मुंह पर काली पट्टी बांधकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी के कार्यालय तक मौन जुलूस निकालेंगी। साथ ही मांगों से संबंधित सरकार के नाम एक ज्ञापन भेजेंगी।
जिला प्रधान ने कहा कि यह मौन जुलूस इसलिए निकाला जा रहा है कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की आवाज को दबा रही है। धरने में पूर्व पार्षद आजाद सिंह नांधा, कांग्रेस प्रवक्ता वेदप्रकाश विद्रोही, पूर्व जिला प्रमुख सतीश यादव, विपिन यादव, कामरेड राजेंद्र सिंह, जिला प्रधान तारा देवी समेत अन्य वक्ताओं ने अपनी बात रखी। इनका मत है कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की जायज मांगों को तुरंत पूरा करें। नांधा ने कहा कि सरकार इन महिलाओं की बात जरूर सुनें क्योंकि वह ‘सबका साथ-सबका विकास’ का नारा लेकर चल रही है।
एआईयूटीयूसी हरियाणा के प्रधान कामरेड राजेंद्र सिंह ने कहा कि 2018 में सीएम के साथ हुई समझौता वार्ता में वे खुद शामिल थे। तब मानी मांगों पर अब सरकार ने अपना कदम पीछे खींच लिया है। पूर्व जिला प्रमुख सतीश यादव ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जायज लड़ाई लड़ रही हैं।