विवाद होने पर पहुंची पुलिस की टीम। स्रोत :वीडियो ग्रैब
रेवाड़ी। नगर के महावीर नगर में एक परिवार को रंजिश के चलते देर रात घर में बंधक बना लिया गया। आरोप है कि आरोपियों ने घर के गेट पर ताला लगाकर पत्थर और लोहे की रॉड से हमला कर दिया है। सूचना पर पहुंची डायल 112 टीम ने तत्परता दिखाते हुए परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला।
महावीर नगर निवासी प्रीति ने बताया कि एक शादी को लेकर पूरा विवाद है। इसी बात को लेकर पिछले कुछ वर्षों से तनाव चला आ रहा है। सोमवार देर रात मामूली कहासुनी के बाद आरोपियों ने उनके घर के बाहर ताला जड़ दिया और उन्हें बंधक बना लिया। इतना ही नहीं, घर पर ईंट-पत्थर बरसाए गए। शोर सुनकर आस-पड़ोस के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और ताला खुलवाकर परिवार को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया।
माॅडल टाउन थाना की प्रभारी सीमा कुमारी ने बताया कि मामले में अभी जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।