संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। थाना रामपुरा पुलिस ने गांव धामलावास निवासी एक बुजुर्ग के बैंक खाते से 20 लाख रुपये उड़ाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के जिला नीमराना के गांव बाटखानी निवासी सोनू उर्फ सूरज के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लिया है
गांव धामलावास निवासी एक बुजुर्ग व्यक्ति अर्जुन सिंह ने अपनी शिकायत में बताया था कि उसके दो बैंक एकाउंट रेवाड़ी पीएनबी में हैं। दोनों एकाउंट में कुल 24 लाख रुपये थे। जब 24 अक्टूबर 2024 को अपने बैक अकाउंट चेक किए तो दोनों खातो की स्टेटमैंट से करीब 20 लाख रुपये यूपीआई के माध्यम से निकाले हुए मिले थे, जिसमें उसका रजिस्टर मोबाइल नंबर प्रयोग किया गया था। उनका रजिस्टर मोबाइल नंबर कई दिन से उसका पोता कपिल प्रयोग कर रहा था। जब उसने अपने पोते से पूछताछ की तो उसने बताया की मोबाइल का सिम कार्ड उसका दोस्त हिमांशु यादव व सोनू उसे खाने पीने का लालच देकर व बहला फुसलाकर ले गये थे। सोनू व हिमांशु ने मिलकर मोबाइल नंबर से यूपीआई के माध्यम से खातों से 20 लाख रुपये निकलवाए। पुलिस ने थाना रामपुरा में ठगी का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। जांच के बाद पुलिस नेमामले में संलिप्त एक आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया है।