संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। साइबर थाना पुलिस ने एक महिला बैंक कर्मचारी से विदेश से महंगा सामान भेजने के नाम पर 3.31 लाख रुपये ठगने के मामले में आरोपी मूल रूप से दिल्ली के आनंद विहार उत्तम नगर हाल आबाद यूपी के जिला अलीगढ़ के गांव पीर बहादुर अतरौली निवासी मुस्तफा को गिरफ्तार किया है।
आरोपी मुस्तफा के खाते में ठगी की 32 हजार रुपये की रकम ट्रांसफर हुई थी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 16 जुलाई को जिला गुरुग्राम के गांव राठीवास निवासी एक महिला ने शिकायत में बताया था कि वह धारूहेड़ा पीएनबी में नौकरी करती हैं। उनके पास मोबाइल एप पर एक फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी।
इसके बाद उनकी बात मनीष चौधरी नाम के व्यक्ति से हुई थी। चैटिंग के दौरान उसने बताया कि वह यूके में रहता है। वह उसके पास कुछ सामान भेजना चाहता है। उसने सामान कोरियर से भेजने की बात कहते हुए 38 हजार रुपये एक खाते में ट्रांसफर करा लिए।
उसने बताया कि एक दिन बाद यह कोरियर एयरपोर्ट पर आ जाएगा। महिला ने बताया कि अगले दिन उसके पास एक विजय नाम के व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को कस्टम आफिसर बताते हुए कहा कि उसका कोरियर आया है। उसमें गोल्ड व कैश है।
यह सामान भारत में लीगल नहीं है, इसलिए उसे कस्टम ड्यूटी चुकानी होगी। उसके पास वीडियो भेजे गए, जिनमें गोल्ड और कैश दिखाया गया था। उसने झांसे में आकर एक बार 1.60 लाख रुपये और दूसरी बार 1.33 लाख रुपये उसके बताए नंबर पर ट्रांसफर कर दिए। ज्यादा पैसों की डिमांड करने पर उसे ठगी का पता चला। पुलिस ने साइबर थाना रेवाड़ी में ठगी का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी मूल मुस्तफा को गिरफ्तार कर लिया है।