संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। गांव निमोठ स्थित बाबा बिशनदास मंदिर में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान जी की मूर्तियों की स्थापना से पहले कलश यात्रा निकाली गई। इसमें गांव की 51 महिलाएं शामिल हुईं।
पंडित नरेश शास्त्री, जीपी बाबा व सहयोगी पंडितों ने मंत्रोचारण के साथ प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम संपन्न कराया। दो जोड़ों ने मंत्रोचारण के साथ पूजा अर्चना संपन्न कराई। बाबा बिशनदास मंदिर कमेटी के कोषाध्यक्ष सूबेदार मेजर सत्य नारायण सांभरिया ने बताया कि कलश यात्रा एवं शोभायात्रा के दौरान ट्रैक्टर ट्रालियों में मूर्तियां रखकर गांव की परिक्रमा कराई गई।
डीजे पर भगवन के भजनों पर श्रद्धालुओं ने रंग गुलाल उड़ाकर भाग लिया। कलश एवं शोभायात्रा बाबा बिशनदास मंदिर से शुरू होकर, पंडित रामनिवास शर्मा की चक्की, काठ धर्मशाला, चौगान माता चौक, भगत मोहल्ला, बस स्टैंड, सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पंचायत भवन, रामबास रोड के पास से होते हुए मंदिर परिसर में पहुंची।
मूर्ति स्थापना के उपरांत मंदिर प्रांगण में प्रसाद वितरण किया गया। नवीन मूर्तियों की स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भारी संख्या में पधारने और सभी ग्रामवासियों ने जो सहयोग दिखाया उसके लिए बाबा बिशनदास मंदिर कमेटी ने ह्रदय से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर महिलाओं व बच्चों के अलावा गांव के सरपंच रामस्वरूप शर्मा, मंदिर कमेटी के प्रधान रविन्द्र यादव (पूर्व सरपंच), मास्टर लाल सिंह यादव, रामनिवास शर्मा, आरसी यादव, मांगेराम टैंट वाला, शेर सिंह यादव, निर्मल सिंह यादव, मास्टर सुनील यादव मौजूद रहे।