रेवाड़ी। साइबर थाना पुलिस ने निवेश के नाम पर 20 लाख रुपये ठगने के मामले में गुजरात के जिला बोटाद के गांव पुराना नावड़ा हाल मुकाम इंद्रप्रस्थ अपार्टमेंट भायचंद सोसायटी कातरग्राम सूरत निवासी राहुल विहपरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
गांव मैलावास निवासी वीरपाल ने शिकायत में बताया था कि 14 अप्रैल को उसके मोबाइल फोन पर घर बैठे पैसे कमाने से संबंधित एक मैसेज आया था। इसमें दिए गए टेलीग्राम लिंक पर क्लिक कर वह ग्रुप से जुड़ गया।
विज्ञापन
बताया कि शुरू में आरोपियों ने उससे 16 हजार रुपये डलवाए। बाद में 42 हजार रुपये वापस कर दिया। आरोपियों ने उससे अलग-अलग बैंक खातों में 20 लाख 20 हजार 968 रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
जब यह राशि निकालने का प्रयास किया तो उससे और पैसा जमा कराने को कहा गया। इसके बाद उसे ठगी का पता चला। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना में ठगी का मामला दर्ज किया था।
इस मामले में दो आरोपी राजस्थान के जिला नागौर के खिमसर के मोहल्ला प्रेम नगर निवासी जितेंद्र और मोहल्ला मेघवालो निवासी भूराराम को पहले ही गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी राहुल को भी गिरफ्तार कर लिया है।