रेवाड़ी। मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना में 14 सब्जियों, 5 फलों तथा दो मसालों सहित कुल 21 फसलों को शामिल किया गया है। योजना का मुख्य उद्देश्य बागवानी किसानों की आय को बढ़ाने और खेती को जोखिम मुक्त करना है। योजना के तहत किसानों की फसलों में प्रतिकूल मौसम व प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की भरपाई की जाएगी।
डीसी राहुल हुड्डा ने बताया कि प्रतिकूल मौसम कारक और प्राकृतिक आपदाओं जैसे ओलावृष्टि, तापमान, पाला, जल कारक (बाढ़, बादल फटना, नहर व ड्रेन का टूटना, जलभराव), आंधी तूफान व आग जो फसल नुकसान का कारण बनते हैं, उन्हें इस योजना में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत 21 फसलों को शामिल किया गया है जिसमें 14 सब्जियां (टमाटर, प्याज, आलू, फूल गोभी, मटर गाजर, भिंडी, घीया, करेला, बैंगन, हरी मिर्च, शिमला मिर्च, पत्ता गोभी, मूली) दो मसाले (हल्दी व लहसुन), पांच फल (आम, कीनू, बैर, लीची, अमरूद) शामिल है। योजना उन सभी किसानों के लिए वैकल्पिक तौर पर होगी जो मेरी फसल मेरा ब्योरा के तहत पंजीकृत होंगे।