नई दिल्ली। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी), दिल्ली के स्कूलों में तीसरी कक्षा के बच्चों की पढ़ने, लिखने और अंकगणित (न्यूमेरसी) की बुनियादी समझ को परखने के लिए एक विशेष अध्ययन आयोजित करने जा रहा है।
दिल्ली राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के अनुसार, यह फाउंडेशनल लर्निंग स्टडी (एफएलएस) फरवरी-मार्च 2026 में चयनित स्कूलों में आयोजित की जा सकती है।
इस स्टडी का मुख्य उद्देश्य यह समझना है कि बच्चे बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक कौशल को किस स्तर तक सीख पा रहे हैं। यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
एनसीईआरटी ने स्पष्ट किया है कि यह कोई पारंपरिक परीक्षा या टेस्ट नहीं है। इसमें किसी भी छात्र को ग्रेड या प्रमाण पत्र नहीं दिया जाएगा और न इसके आधार पर स्कूलों की कोई रैंकिंग की जाएगी। यह एक डायग्नोस्टिक सर्वे (निदानात्मक सर्वेक्षण) है जिसका उपयोग केवल शिक्षा नीति में सुधार करने और कक्षा में पढ़ाई के तरीकों को बेहतर बनाने के लिए किया जाएगा। एजेंसी