रेवाड़ी। शहर के सेक्टर-10 पावर हाउस से जुड़े वार्ड-12 व 6 को लोगों को बीते 35 दिनों से भीषण गर्मी के बीच 8-9 घंटे के अघोषित बिजली कटों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली निगम का सिस्टम फेल होते देख करीब 10 कॉलोनी के लोगों का धैर्य जवाब दे गया। महिलाएं पार्षदों के नेतृत्व में झज्जर रोड स्थिति कार्यकारी अभियंता के कार्यालय में करीब डेेढ़ घंटे तक धरने पर बैठी रहीं। समाधान नहीं होता देख महिलाओं ने निगम अधिकारियों को खूब खरी खोटी सुनवाई। इसके बाद निगम के उच्चाधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया।
वार्ड-12 की पार्षद रेखा यादव व वार्ड-6 की के पार्षद गोपाल कृष्ण के नेतृत्व में पहुंच शहरवासियों ने कहा कि यदि बिजली समस्या का समाधान नहीं हुआ तो निगम अधिकारियों के दफ्तर में अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। बता दें कि इस बार 28 मई से ही निगम की बिजली वितरण व्यवस्था पटरी से उतरी हुई है। जैसे ही तापमान 40 डिग्री के पार जाता है तो सेक्टर-10 व मॉडल टाउन पावर हाउस फेल हो जाते हैं। इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को उठाना पड़ता है।
अधिकारी फोन उठाते नहीं, टोल फ्री नंबर भी बेकार
झज्जर रोड स्थित निगम कार्यालय में प्रदर्शन करने पहुंचे विजय नगर, उत्तम नगर, सरस्वती विहार, शिव नगर, कालाका रोड सहित अन्य कॉलोनियों के लोगों ने कहा कि घंटों कट के लिए अधिकारी फोन उठाते नहीं और टोल फ्री नंबर 1912 पर कोई जवाब नहीं मिलता है। ऐसे में उपभोक्ता बेबस नजर आते हैं। दक्षिण हरियाणा के लोग सबसे ज्यादा बिल भरते हैं, लेकिन सुविधाओं के मामले में कोई सुनवाई नहीं होती है। पुष्पा उत्तम नगर, मुकेश, सुनीता, रेखा, सुशीला सैनी, शीला प्रधान, कविता सैनी, भतेरी व अनिता और अन्य लोगों ने कहा कि यदि जल्द ही सुनवाई नहीं हुई तो निगम लोगों का गुस्सा झेलने के लिए तैयार रहें।
नहीं देखा जाता बच्चों का हाल
तापमान 44.2 पर पहुंच चुका है और भीषण गर्मी के बीच बच्चों का जीना मुश्किल हो गया है। पूरी रात बिजली के कट लगते रहते हैं। ऐसे में किस तरह से निजात मिले समझ नहीं आता है। शीला प्रधान ने बताया कि हालात ऐसे हो चुके हैं कि इन्वर्टर चार्ज ही नहीं हो पा रहे हैं। इस बार पहली साल के मुकाबले ज्यादा परेशानी है। निगम अधिकारी पहले सुध लेते नहीं हैं, जिसके चलते लोड बढ़ते ही सिस्टम फेल हो जाता है।
बिजली की समस्या पर बोले पार्षद
गर्मी से पहले अधिकारी मेंटेनेंस के नाम पर लोगों को परेशान कर रहे थे। लेकिन गर्मी बढ़ते ही इनकी तैयारियों की पोल खुल गई। बिजली बिल में देरी पर मुकदमा करने की धमकी देते हैं। अब लोगों का भीषण गर्मी के बीच बिजली नहीं होने से बुरा हाला है, इसका जिम्मेदार कौन है। जल्द ही समाधान नहीं हुआ तो लोगों को गुस्सा और बढ़ेगा।
-गोपाल कृष्ण, पार्षद- वार्ड- 6
निगम अधिकारियों को कई बार कहने के बाद भी समाधान नहीं हो रहा है। वार्ड के लोग बहुत ज्यादा परेशान हैं। समाधान की बजाय लोगों को परेशान किया जा रहा है। हमारी बिजली को इंडस्ट्री को बेच दिया गया है, इससे परेशानी और ज्यादा बढ़ गई है। जल्द ही समाधान नहीं हुआ तो जिले स्तर पर प्रदर्शन कर अधिकारियों की शिकायत बिजली मंत्री व सीएम से की जाएगी।
-रेखा यादव, पार्षद, वार्ड-12
भाजपा किसान मोर्चा के महामंत्री सजन पहलवान ने कहा कि निगम अधिकारियों का रवैया बेहद उदासीन है। बीते एक माह से लगातार सुधार करने के लिए फोन किए जा रहे हैं। लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। हालात ऐसे हैं कि ठीक से मेंटेनेंस तक नहीं किया गया। अब रही सही कसर सेक्टर-10 पावर हाउस को इंडस्ट्री से जोड़ दिया गया। इससे शहर के लोगों की बिजली कटौती हो रही है। यदि जल्द ही समाधान नहीं हुआ तो निगम अधिकारियों के दफ्तर में धरना दिया जाएगा। सीएम व बिजली मंत्री को भी शिकायत भेजी जा रही है।