संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले में सुपर 100 लेवल-1 की परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है। जिले के कुल 1221 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी जिसमें 75 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। अब विभाग की ओर से लेवल-2 की परीक्षा के लिए शेड्यूल जारी किया जाएगा। इस परीक्षा में लेवल-1 में उत्तीर्ण विद्यार्थी हिस्सा लेंगे।
विकल्प संस्थान की ओर से सुपर 100 कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को जेईई व नीट की तैयारी कराई जाती है। इसके लिए 9वीं व 10वीं कक्षा में ही उन्हें नीट व जेईई की बेसिक कोचिंग दी जाती है। इस परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता और शैक्षणिक समझ का आकलन करना है। चयनित विद्यार्थियों के लिए यह परीक्षा एक सुनहरा अवसर है। पास विद्यार्थी सुपर 100 लेवल-2 की परीक्षा की तैयारी में जुट चुके हैं। अध्यापक और अभिभावक भी विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। परीक्षा की तैयारी में विद्यार्थी सिलेबस का गहन अध्ययन, मॉक टेस्ट और समय प्रबंधन जैसी रणनीति अपना रहे हैं।
केंद्रों पर ऑनलाइन दी जाती है कोचिंग
सुपर-100 स्कूल शिक्षा विभाग व विकल्प फाउंडेशन की ओर से विद्यार्थियों को सक्षम व प्रशिक्षित करने के लिए शुरू किया गया कार्यक्रम है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना व उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण की नींव डालना है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को केंद्रों पर ऑनलाइन माध्यम से कोचिंग दी जाती है। इसके अलावा ड्रेस ,किताबें बच्चों को निशुल्क वर्दी, पाठ्य पुस्तकें, टैबलेट के साथ ही सेंटर तक आने जाने के लिए भत्ता भी दिया जाता है।
-
खंड - उत्तीर्ण विद्यार्थी
बावल- -17
जाटूसाना- -05
खोल- -16
नाहड़- -16
रेवाड़ी- -21
वर्जन
सुपर 100 लेवल-1 की परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है। 75 विद्यार्थियों ने यह परीक्षा पास की है। अब लेवल-2 की परीक्षा के लिए शिक्षा विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। -रेनू यादव, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, शिक्षा विभाग रेवाड़ी।