बी-टेक के छात्र का अपहरण कर मारपीट, आरोपी काबू
-कन्हैया लाल पोसवाल चौक से किडनैप कर गाड़ी में डाला
-पटौदी रोड पर ले जाकर की मारपीट, पुलिस ने आरोपियों को किया काबू
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। शहर के कन्हैया लाल पोसवाल चौक से देर शाम बी-टैक के एक छात्र का कार सवार कुछ युवकाें ने अपहरण कर लिया। आरोपी उसे गाड़ी में डाल कर पटौदी रोड पर ले गए और वहां उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, कोसली के गांव झाड़ौदा का रहने वाला निखिल कुमार सहारनवास स्थित एमआरके कॉलेज में बी-टेक का स्टूडेंट छात्र है। 30 जनवरी की शाम वह बाइक पर किसी काम से कन्हैया लाल पोसवाल चौक पर आया हुआ था। इसी दौरान कार में सवार होकर कुछ युवकों ने उसे अपनी गाड़ी में डाल लिया और फिर अपहरण कर पटौदी रोड पर ले गए। वहां पर उसके साथ जमकर मारपीट की गई। बाद में उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित छात्र ने सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने पीड़ित निखिल के बयान दर्ज किए और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। देर शाम मॉडल टाउन थाना पुलिस ने इस मामले में आरोपी हिमांशु, प्रवेश, खुशवंत व आनंद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
-वर्जन
छात्र के अपहरण का कारण सामने नहीं आया है। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।-गिरीराज, एएसआई, मॉडल टाउन।