गांव जैनाबाद के पेट्रोल पंप से मोटरसाइकिल में तेल डलवाने के बाद लौट रहे राजस्थान के रहने वाले दो युवकों पर अन्य बाइक सवार युवकों ने हमला कर मोबाइल और 20800 रुपये लूट लिए। डहीना पुलिस चौकी ने मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
राजस्थान के भरतपुर जिले के गांव जोतरी निवासी इरसाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सीहा गांव में किराये के मकान में हकर जेसीबी चलाने का काम करता है। मंगलवार सुबह वह राजस्थान के बडबर बुहाना निवासी अपने साथी मित्रपाल के साथ बाइक पर सवार होकर बडबर बुहाना से लौट रहा था। जैनाबाद के पास एक पंप से बाइक में तेल डलवाकर निकला तो एक अन्य बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने उस पर हमला कर सड़क पर गिरा दिया। मित्रपाल बचते हुए बाइक के साथ भागने में सफल रहा। उसने आरोप लगाया कि बदमाशों ने उस पर हमला कर 20800 रुपये और मोबाइल छीन लिया। इस दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पंप कर्मी ने फोन कर पुलिस को सूचना दी और घायल को ट्रामा सेंटर में भर्ती करवाया। डहीना चौकी पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।