मजदूर दिवस पर आयोजित जागरूकता कैंप में श्रमिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए डॉ. सतीश
रेवाड़ी। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर पीपीपी (परिवार पहचान पत्र) के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला के नेतृत्व में श्रमिक वर्ग के हित में एक विशेष जागरूकता एवं लाभार्थी पंजीकरण कैंप का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने भाग लिया। डॉ. सतीश खोला ने कहा कि सरकार सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेंशन, बीमा, राशन, आवास सहित अनेक योजनाएं चला रही है लेकिन जानकारी के अभाव में कई पात्र लोग इनका लाभ नहीं ले पाते। ऐसे में इस प्रकार के जागरूकता कैंप अत्यंत आवश्यक हैं।
कैंप के दौरान पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही पंजीकरण कर उन्हें विभिन्न योजनाओं से जोड़ा गया। इस दौरान कुल 135 श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया गया, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
श्रमिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें पहली बार एक ही स्थान पर इतनी विस्तृत जानकारी और सुविधा मिली है। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी इस पहल को सराहनीय बताते हुए ऐसे कैंप लगातार आयोजित करने पर जोर दिया।
डॉ. सतीश खोला ने सभी श्रमिकों को मजदूर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाए।