बारहवीं का परीक्षा परिणाम आने के बाद खुशी मनाते विद्यार्थी।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शुक्रवार को बारहवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया। दोपहर बाद तीन बजे से परिणाम बोर्ड की वेबसाइट पर आते ही स्कूल प्रबंधन अपना परिणाम जानने में व्यस्त रहे। जिले में सीबीएसई से संबद्ध 74 विद्यालयों के करीब आठ हजार विद्यार्थी बारहवीं कक्षा में पंजीकृत थे। जिले में निजी विद्यालयों के साथ दो केंद्रीय विद्यालय, एक जवाहर नवोदय, सैनिक स्कूल भी केंद्रीय माध्यमिक विद्यालय से संबद्ध हैं। परिणाम आने के बाद विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी छा गई।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड दसवीं और बारहवीं दोनों कक्षाओं के परिणाम पहले ही घोषित कर चुका है। अब सीबीएसई द्वारा 12वीं कक्षा का परिणाम घोषित होने के साथ उच्चतर शिक्षण संस्थानों में दाखिला प्रक्रिया में तेजी आएगी। दोनों ही बोर्ड द्वारा बिना परीक्षा दिए विद्यार्थियों को पास किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अनुसार जिले में सीबीएसई से संबद्ध करीब 74 विद्यालय हैं। कोरोना महामारी के चलते अप्रैल में होने वाली परीक्षा को रद्द कर दिया गया था। सीबीएसई द्वारा रिजल्ट के लिए तैयार किए गए फार्मूले के आधार पर 12वीं कक्षा का परिणाम जारी किया गया है। वहीं जो विद्यार्थी परिणाम से असंतुष्ट हैं उन्हें आगामी परीक्षा में बैठने का मौका दिया जाएगा। बोर्ड के अनुसार इस बार विद्यार्थियों का पास प्रतिशत बढ़ाया गया है।
ऐसे तैयार किया गया है परिणाम
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा 12वीं के छात्रों के मूल्यांकन के लिए 30:30:40 का फार्मूला तय किया गया था, जिसके चलते दसवीं व ग्यारहवीं के वार्षिक परिणाम को 30 फीसदी वेेटेज दिया है। इसके अलावा 12वीं के प्री बोर्ड की परीक्षा को 40 फीसदी का वेेटेज दिया गया है।