हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने मंगलवार को 10वीं और 12वीं प्रथम सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। 12वीं का रिजल्ट 64.55 प्रतिशत रहा और 10वीं के 68.14 प्रतिशत रहा। यह परिणाम काफी उत्साहजनक बताया जा रहा है।
हरियाणा बोर्ड के सचिव डॉ. अंशज सिंह ने बताया कि 12वीं की परीक्षा में 2,65140 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इसमें से 1,71142 परीक्षार्थी सफल हुए। 10वीं प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा में 352693 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। जिसमें 303805 विद्यार्थी सफल हुए। बोर्ड सचिव ने बताया कि बोर्ड परीक्षा में 12वीं के 94,260 स्वयं पाठी परीक्षार्थियों में से 41147 परीक्षार्थी सफल हुए। उनका पॉसिंग प्रतिशत 43.65 घोषित किया गया।
परीक्षाओं की प्रथम सेमेस्टर निष्पादन रिपोर्ट बुधवार को स्कूल पहुंच जाएगी। इसे बोर्ड की वेबसाइट से डाउन लोड भी किया जा सकता है। जो भी विद्यालय यह रिपोर्ट प्राप्त नहीं करता इसके लिए वही जिम्मेदार होगा। बोर्ड सचिव ने बताया कि इसी रिपोर्ट के आधार पर मार्च-2014 में संचालित होने वाली 10वीं व 12वीं की परीक्षाओं के लिए आवेदन पत्र भरवाया जाएगा।