सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जिस घर में बुजुर्गों का सम्मान होता है वहां देवता बसते हैं। वे हरियाणा के जिला रेवाड़ी में गांव ढाणी जैतपुर में पूर्व सरपंच स्व. हरि सिंह और हेड मास्टर स्व. धर्मचंद की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। सांसद ने लोगों को गोहाना में होने वाली रैली के लिए न्योता भी दिया।
उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का जीवन अनुभवों से भरा हुआ है, जिन्होंने अपने जीवन में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। हमें उनके अनुभवों का ज्यादा से ज्यादा लाभ लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हमें अपने माता-पिता व बुजुर्गों द्वारा दिए गए संस्कारों व उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए कार्य करना चाहिए।
सांसद ने कहा कि 10 नवंबर की गोहाना रैली राजनीतिक दृष्टिकोण से भी काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने गांव ढाणी जैतपुर में ग्रामीणों को सामुदायिक भवन खोलने व मेन रास्ता पक्का करवाने का आश्वासन दिया तथा उनकी समस्याओं का शीघ्र हल करवाने की बात कही।
सांसद ने गांव नरसिंहपुर गढी में विकास कार्यों के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनका समाधान करवाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने सांसद हुड्डा, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहाकार प्रो. वीरेन्द्र, सीपीएस राव दान सिंह, पूर्व मंत्री जसवंत सिंह और शकुंतला भगवाडिया, राज सिंह जाखड़ का सम्मान किया।
इस मौके पर सतीश, रिसाल सिंह, सुभाष चंद, पृथ्वी सिंह, नरेश कुमार जिला प्रशासन की ओर से अतिरिक्त उपायुक्त सुल्तान सिंह घोसवाल, उपमंडल अधिकारी (ना.) सुभिता ढाका व डीडीपीओ नरेन्द्र सारवान आदि उपस्थित थे।