सिरसा में पटवारी द्वारा एक तलाकशुदा 32 वर्षीय महिला से दुराचार किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि करीब तीन साल पूर्व उसका तलाक हो गया था। वह शहर में ही एक मकान में अपने भाई और दो बच्चों सहित बतौर किरायेदार रहती है।
शनिवार शाम वह अपने एक परिचित के घर जा रही थी कि बाइक सवार एक व्यक्ति उससे छेड़छाड़ करने लगा। व्यक्ति ने उसे रुकने के लिए बोला। लेकिन वह रुकी नहीं और घर की तरफ चल दी।
बाइक सवार व्यक्ति भी उसके पीछे चल पड़ा और घर में घुस गया, जहां उसने महिला के साथ दुराचार किया। शोर मचाने पर गली से गुजर रहे गांव गिदड़बाहा निवासी कुलदीप सिंह ने मौके पर आकर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन बाइक सवार हाथापाई करने लगा।
मौका देखकर आरोपी भाग गया, लेकिन उसका मोबाइल वहीं गिर गया। छानबीन करने पर पता चला कि मोबाइल नहरी विभाग में कार्यरत पटवारी जस्सी का है। पुलिस ने महिला की शिकायत दर्ज कर उसकी मेडिकल जांच कराई।
थाना पुलिस प्रभारी इंस्पेक्टर भारतेंद्र ढिल्लों ने बताया कि जांच में दुराचार की पुष्टि हो गई है। आरोपी पटवारी के खिलाफ धारा 376/451/342 के तहत मामला दर्ज कर उसकी तालाश शुरू कर दी है। इसके लिए छापेमारी की जा रही है।