शहर की कालोनी में एक युवक ने इंसानियत को शर्मसार करते हुए अपने पड़ोस की
ही एक साढ़े तीन वर्ष की मासूम बच्ची को घर से अगवा कर दुराचार किया।
वारदात
के वक्त बच्ची के परिजन काम से बाहर गए हुए थे और वह घर पर अकेली थी।
बच्ची की मां ने जब उसकी तलाश की तो वह आरोपी के घर से लहूलुहान हालत में
मिली। पुलिस ने शिकायत मिलने पर उत्तर प्रदेश के गांव बदरका, बागपत निवासी
रविंद्र पुत्र सतबीर को दुराचार के आरोप में काबू कर लिया। बच्ची का
गंभीरावस्था में उपचार चल रहा है।
शहर की एक कालोनी में आरोपी
रविंद्र ने अपने पड़ोस में रहने वाली साढ़े तीन वर्ष की बच्ची को घर पर
अकेला देखा। लगभग साढ़े 12 बजे वह उसे अगवा कर अपने घर में ले गया और वहां
उसके साथ दुराचार किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
कुछ
समय बाद जब बच्ची की मां घर पहुंची तो बच्ची घर पर नहीं थी। तलाश करने पर
वह रविंद्र के यहां लहूलुहान हालत में मिली। वह तुरंत बच्ची को अस्पताल
लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने उसके साथ दुराचार की पुष्टि की। परिजनों ने
पुलिस को मामले से अवगत कराया। पुलिस ने उसके पिता की शिकायत पर मामला दर्ज
कर कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस प्रवक्ता जगजीत सिंह ने बताया
कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाशी शुरू कर देर सायं
सोनीपत से उसे गिरफ्तार कर लिया। वीरवार को आरोपी को अदालत में पेश किया
जाएगा।