इन दिनों शहर की जनता अधिक बिजली बिल आने को लेकर परेशान है। इसलिए बृृहस्पतिवार को सेक्टर-15 स्थित जिमखाना क्लब में आयोजित सतर्कता एवं निगरानी कमेटी की बैठक में सांसद अवतार सिंह भड़ाना ने इसी मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।
भड़ाना बिजली विभाग के अधिकारियाें पर भड़क उठे। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग की गलतियाें के कारण लोगाें के घरों पर सैकड़ों की जगह हजारों और हजारों की जगह लाखाें के बिल आ रहे हैं। इससे लोग काफी परेशान हैं। बिजली निगम यह कार्यप्रणाली सुधार ले। बिल अधिक बिजली निगम भेजता है और परेशान जनता होती है। इससे सरकार की छवि खराब हो रही है।
सांसद ने बिजली विभाग के एसई आरएस यादव से कहा कि विभाग इस गलती को जितनी जल्दी हो सके सुधार ले। बिजली चोरी करने वाले लोगों पर लगाम कसना चाहिए। इस पर एसई ने कहा कि कुछ गलतियां रीडिंग एवं बिलिंग में हैं और कुछ उपभोक्ताओं की तरफ से। इसे जल्दी सुधारा जाएगा।
भड़ाना ने नगर निगम, पीडब्ल्यूडी एवं हुडा से अधिकारियों से सीएम घोषणा के कार्यों को जल्द पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का पैसा सही तरीके से प्रयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन से एमपी फंड के विकास कार्यों की भी प्रगति रिपोर्ट ली। इस मौके पर जिला उपायुक्त बलराज सिंह मोर, एडीसी गरिमा मित्तल, एसडीएम धर्मेंद्र सिंह सहित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।