ठेकेदार से साढ़े तीन लाख रुपये लेकर भट्ठे पर काम करने से मना करने और वापस न करने पर जुलाना थाना पुलिस ने पंजाब पुलिस की एएसआई सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर अमानत में ख्यानत, धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
गांव माजरा हिसार निवासी धर्मपाल ने अदालत में याचिका दायर कर कहा था कि वह गांव बुढ़ाखेड़ा लाठर ईंट भट्ठे पर भट्ठा मजदूरों का ठेकेदार है और भट्ठे पर ही रहता है। भट्ठे पर काम करने के लिए उसका संपर्क सतराना पंजाब निवासी पप्पू उर्फ राजू, रादूराम, रमला उर्फ रामफल और दीपा से हुआ। 28 अप्रैल को चारों व्यक्ति सतराना निवासी और पंजाब पुलिस के एएसआई दरबारा सिंह के साथ उसके मकान पर पहुंचे और तीन लाख 60 हजार रुपये की नगदी ले गए। फिर मजदूरों ने भट्ठे पर काम करने से मना कर दिया।
एएसआई दरबारा सिंह ने उसे मामले में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अदालत ने याचिका पर संज्ञान लेते हुए जुलाना थाना पुलिस को मामला दर्ज करने के आदेश दिए। जुलाना थाना पुलिस ने पंजाब पुलिस के एएसआई दरबारा सिंह, भट्ठा मजदूर गांव सतराना पंजाब निवासी पप्पू उर्फ राजू, रादूराम, रमला उर्फ रामफल, दीपा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।